बड़ी खबर: तामडाड जलाशय की मेड़ में महीनों से लीकेज, लगातार हो रहा जल रिसाव, ग्रामीणों में दहशत बांध की सुरक्षा पर उठे सवाल, कभी भी हो सकती है बड़ी दुर्घटना!
बड़ी खबर: तामडाड जलाशय की मेड़ में महीनों से लीकेज, लगातार हो रहा जल रिसाव, ग्रामीणों में दहशत बांध की सुरक्षा पर उठे सवाल, कभी भी हो सकती है बड़ी दुर्घटना!


कोरिया। तामडाड जलाशय की बांध मेड़ में पिछले कई महीनों से हो रहे लीकेज के कारण लगातार पानी का रिसाव जारी है। बांध की मेड़ से पानी का रिसाव ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि समय रहते लीकेज की मरम्मत नहीं कराई गई, तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, लंबे समय से बांध की मेड़ में पानी का रिसाव हो रहा है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि बांध की सुरक्षा से जुड़ी इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाना चाहिए।
एक तरफ करोड़ों की विकास योजनाएं, दूसरी तरफ बांध की सुरक्षा पर सवाल!
गौरतलब है कि एक ओर मंत्री जी के प्रयासों से क्षेत्र में बांध एवं नहरों के विकास और विस्तार के लिए करोड़ों रुपये की लागत वाली कार्ययोजनाएं लाई जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर तामडाड जलाशय की मेड़ में महीनों से जारी लीकेज ने बांध की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार विभाग इस समस्या को गंभीरता से कब लेगा? क्या किसी बड़ी घटना के बाद ही बांध की मरम्मत की जाएगी, या समय रहते लीकेज को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे?
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन एवं संबंधित जल संसाधन विभाग से मांग की है कि तत्काल तकनीकी टीम भेजकर बांध का निरीक्षण कराया जाए, लीकेज की वास्तविक स्थिति का आकलन हो तथा आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराया जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
फिलहाल ग्रामीणों की निगाहें प्रशासन और जल संसाधन विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।



