Shyam_Republic Day_1 copy
previous arrow
next arrow

खेत बचाओ अभियान’ में जुटे 300 किसान, जैविक खेती को लेकर जागरूकता सम्मेलन आयोजित* *रासायनिक खेती छोड़ जैविक खेती अपनाएं, यही भविष्य की खेती: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल*

खेत बचाओ अभियान’ में जुटे 300 किसान, जैविक खेती को लेकर जागरूकता सम्मेलन आयोजित* *रासायनिक खेती छोड़ जैविक खेती अपनाएं, यही भविष्य की खेती: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल*

 

*एमसीबी/10 जून 2026/* जैविक खेती मिशन योजना के अंतर्गत “खेत बचाओ अभियान” के तहत एक दिवसीय जिला स्तरीय जागरूकता एवं कृषक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिले भर से लगभग 300 किसानों ने भाग लेकर जैविक एवं प्राकृतिक खेती, उन्नत कृषि तकनीकों तथा मृदा संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों, जनप्रतिनिधियों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को खेती की बदलती चुनौतियों और उनके समाधान से अवगत कराया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल थे। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में अंधाधुंध रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के उपयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति लगातार कम हो रही है, जिसका असर फसलों की गुणवत्ता के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे रासायनिक खेती पर निर्भरता कम करते हुए जैविक और प्राकृतिक खेती की ओर अग्रसर हों। उन्होंने कहा कि जैविक खेती केवल खेती की पद्धति नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और किसानों की आर्थिक समृद्धि का आधार है।

 

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों को आत्मनिर्भर बनाने तथा टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने किसानों से इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ खेती करने का आग्रह किया।

 

कार्यक्रम में सहायक संचालक कृषि जयंत कुमार पैकरा ने जैविक खेती मिशन योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए इसके उद्देश्यों, लाभों एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी नीरज कुमार जायसवाल ने रासायनिक उर्वरकों के दुष्प्रभाव तथा उनके जैविक विकल्पों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

 

उद्यानिकी महाविद्यालय चिरमिरी से आए वैज्ञानिक सुजीत कुमार राय एवं शुभम कुमार ठाकुर ने किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों, उन्नत फसल प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा उत्पादन बढ़ाने के प्रभावी उपायों की जानकारी प्रदान की। उन्होंने किसानों को बदलते मौसम और जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप कृषि पद्धतियां अपनाने की सलाह दी।

 

सम्मेलन में भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष एवं प्रगतिशील कृषक रामप्रताप गुप्ता, सम्पूर्णानंद मिश्र, आशीष भजूमदार तथा प्रवीण यादव ने भी अपने अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती के सफल प्रयोगों, कम लागत में अधिक उत्पादन तथा बाजार में जैविक उत्पादों की बढ़ती मांग पर विस्तार से चर्चा की।

 

कार्यक्रम में नगर पंचायत नेदरी के अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह राणा, कृषि समिति की सभापति श्रीमती सुनील असमेद सोनवानी, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सहकारी समितियों के प्रबंधक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया तथा जैविक खेती को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

कृषक सम्मेलन का उद्देश्य किसानों को रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए जैविक एवं प्राकृतिक खेती की ओर प्रेरित करना तथा कृषि को अधिक लाभकारी, टिकाऊ और पर्यावरण अनुकूल बनाना रहा। कार्यक्रम में किसानों ने जैविक खेती को अपनाने और स्वस्थ मिट्टी, स्वस्थ फसल तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button